अमित शाह ने किया आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण, अब रायपुर में मिलेगी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं
रायपुर ।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को रायपुर के देवेंद्र नगर, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का भव्य लोकार्पण किया। गुरुग्राम स्थित प्रतिष्ठित आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के विस्तार के रूप में स्थापित यह नया सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और उन्नत उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा रायपुर नगर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।समारोह में आर्टेमिस हॉस्पिटल्स एवं अपोलो टायर्स लिमिटेड के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर, आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती तथा आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ चिकित्सक, अस्पताल के अधिकारी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ को मिलेगी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं
आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के मरीजों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां हृदय रोग, न्यूरोसाइंस, कैंसर उपचार, हड्डी एवं जोड़ रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, किडनी एवं यूरोलॉजी तथा क्रिटिकल केयर सहित विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी।अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, अत्याधुनिक आईसीयू, उच्च स्तरीय इमेजिंग एवं डायग्नोस्टिक सुविधाएं तथा 24 घंटे इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाओं की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में 11 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 30 से अधिक चिकित्सा एवं सर्जिकल विशेषज्ञताओं के माध्यम से मरीजों को समग्र उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के चेयरमैन ओंकार एस. कंवर ने कहा कि आर्टेमिस की स्थापना के पीछे हमारा मूल उद्देश्य प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता के साथ विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा है। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के माध्यम से हम दिल्ली-एनसीआर से बाहर निकलकर मध्य भारत में अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहे हैं। केंद्र सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग के लिए हम आभारी हैं। छत्तीसगढ़ के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है।
आर्टेमिस हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. देवलीना चक्रवर्ती ने कहा कि अब तक छत्तीसगढ़ के अनेक मरीजों को बेहतर और उन्नत इलाज के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करनी पड़ती थी। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के शुरू होने से मरीजों को आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और विश्वस्तरीय चिकित्सा प्रक्रियाओं का लाभ अपने ही शहर में मिल सकेगा। हमारे लिए मरीज सर्वोपरि है और यही हमारी कार्यशैली का मूल आधार है।आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. कमलेश अग्रवाल ने कहा कि यह रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। इस हॉस्पिटल की स्थापना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उनके अपने शहर में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपने घर और परिवार से दूर न जाना पड़े। आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के अनुभव और विशेषज्ञता के साथ हम क्षेत्र में चिकित्सा गुणवत्ता, सुरक्षा और मरीजों की संतुष्टि के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा रिबन काटकर अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया गया तथा लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने अस्पताल की विभिन्न आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन भी किया।आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का शुभारंभ आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही गुरुग्राम स्थित आर्टेमिस समूह ने पहली बार दिल्ली-एनसीआर से बाहर अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है। यह पहल छत्तीसगढ़ एवं मध्य भारत के लोगों को बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
