दीपावली से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सख्ती, मिठाई दुकानों और होटलों का सघन निरीक्षण

0

 रायपुर।

दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश तथा कलेक्टर  संतन देवी जांगड़े एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में विभागीय टीम द्वारा मिठाई दुकानों, होटलों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 02 नवंबर को मनेन्द्रगढ़ शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों एवं निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्माण प्रक्रिया की जांच की गई। इस दौरान मिठाई विक्रेताओं को बाहर से खोवा खरीदते समय पक्का बिल लेने तथा घटिया गुणवत्ता वाली मिठाइयों की खरीदी से बचने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान हजारी होटल से खोवा तथा प्राप्त शिकायत के आधार पर पैराडाइज फूड पॉइंट से मिक्स्ड ग्रेवी मसाला का नमूना संकलित किया गया। दोनों नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा नागरिकों से खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और मिलावट की शिकायत विभाग को करने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें