3 नवंबर को बलौदाबाजार में होगा प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम
बलौदाबाजार-भाटापारा।
जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, सरकारी अस्पतालों में कथित लापरवाही और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के विरोध में बहुजन समाज पार्टी जिला इकाई बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा 3 नवंबर 2026 को विशाल घेराव सह ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे डॉ. बाबा साहब अंबेडकर चौक, बलौदाबाजार से होगी।बहुजन समाज पार्टी ने आरोप लगाया है कि जिले की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। सरकारी अस्पतालों में समुचित इलाज नहीं मिलने और स्वास्थ्य विभाग की कथित लापरवाही के कारण गरीब, मजदूर, किसान एवं आम नागरिक निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने को मजबूर हैं। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई नहीं होने से जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।बसपा ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रदेश स्तर से जारी संलग्नीकरण संबंधी आदेशों की अनदेखी की जा रही है तथा स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाएं नियमों के अनुरूप संचालित नहीं हो रही हैं। पार्टी का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन जिले में आम नागरिकों को अपेक्षित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
सीएमएचओ को पद से हटाने की मांग
बहुजन समाज पार्टी जिला इकाई ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), जिला बलौदाबाजार-भाटापारा को पद से हटाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की मौजूदा स्थिति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई आवश्यक है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
जनता से आंदोलन में शामिल होने की अपील
बसपा ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे 3 नवंबर को अपने घरों से निकलकर कार्यक्रम में शामिल हों तथा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को बुलंद करें। पार्टी ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधा जनता का अधिकार है, कोई एहसान नहीं। सरकारी अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करना और गरीब परिवारों को महंगे निजी उपचार की मजबूरी से बचाना बेहद जरूरी है।
