बर्तन कारोबारी के मर्डर में वॉंटेड गोलू ने मांगी 1 करोड़ की रंगदारी, शाहदरा के बुकी को दुबई से आया कॉल

0

नई दिल्ली।

गैंगस्टर हाशिम बाबा के विदेश भाग चुके गुर्गे सचिन उर्फ मुकेश उर्फ गोलू ने फर्श बाजार इलाके के बुकी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। वह 7 दिसंबर 2024 को हुए बर्तन कारोबारी सुनील जैन के मर्डर और मकोका केस में वॉंटेड है। सूत्रों के मुताबिक, दुबई में बैठा गोलू अब शाहदरा जिले में सक्रिय सट्टा ऑपरेटरों से प्रोटेक्शन मनी वसूल रहा है। बाबा का करीबी रहा गैंगस्टर राशिद केवलवाला भी शाहदरा इलाके के बुकियों से ‘कमाई’ कर रहा है। इसी वजह से हाशिम और केवलवाला में ठनी है।

सूत्रों के मुताबिक, फर्श बाजार इलाके में सट्टा ऑपरेटरों के बीच करीब 4 महीने पहले लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसे सुलझाने के लिए एक पक्ष ने सचिन उर्फ गोलू की मदद मांगी, जिसने लेनदार को आगे से पैसे नहीं मांगने की हिदायत दी। शाहदरा इलाके के तीन बिचौलियों ने गोलू को बीच में डालकर समझौता करवाने की एवज में देनदार से 10 लाख रुपये वसूले थे। यह मामला यही खत्म हो गया था। अब शनिवार को उस सट्टा ऑपरेटर के पास गोलू का कॉल आ गया, जो लेनदार था।

आकाश हत्याकांड का बदला लेने के लिए गोलू ने की थी कारोबारी की हत्या

सट्टा ऑपरेटर का दावा है कि गोलू ने शनिवार को इंटरनेशनल नंबर से कॉल कर एक करोड़ रुपये की डिमांड की। दरअसल 31 अक्टूबर 2024 को फर्श बाजार के बिहारी कॉलोनी में सट्टा ऑपरेटर आकाश शर्मा उर्फ छोटू और उसके नाबालिग भतीजे की हत्या हुई थी। पुलिस का दावा था कि मर्डर राशिद केवलवाला ने विदेश से करवाया है। आकाश गैंगस्टर हाशिम बाबा का करीबी रहा, जो गोलू का भी खास था। आकाश हत्याकांड का बदला लेने के लिए ही गोलू ने गलत पहचान में बर्तन कारोबारी का कत्ल किया था।

बाबा के साथ है मर्डर का मुकदमेवार

हर्ष विहार निवासी सचिन उर्फ गोलू (29) हाशिम बाबा के साथ 2020 में हुए गैंगस्टर अब्दुल नासिर के करीबी हैदर अली के मर्डर में मुकदमेवार है। बाबा पर गोकुलपुरी थाने में 16 सितंबर 2024 दर्ज मकोका में भी नामजद है। मर्डर, वसूली, हत्या का प्रयास, चोरी, मकोका और आर्म्स एक्ट समेत 20 से ज्यादा केस हैं। आकाश उर्फ छोटू के साथ 2023 के हत्या के प्रयास के केस में भी आरोपी रहा। वह नवंबर 2025 में रंगदारी के लिए फर्श बाजार के एक बुकी के घर और जीटीबी एनक्लेव में बार-रेस्टोरेंट पर फायरिंग करा चुका है।

गोलू पर पहले भी समझौता कराने के लिए 10 लाख लेने का आरोप

सूत्रों के मुताबिक, जिस सट्टा ऑपरेटर से एक करोड़ रुपये मांगे गए हैं, वो आकाश के साथ सट्टेबाजी का काम करता था। गोलू अक्सर आकाश के पास जाता था, इसलिए वो उसकी आवाज को अच्छी तरह पहचानता है। फर्श बाजार थाने में इसकी कंप्लेंट की गई है और पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए शनिवार को बुलाया भी था। इससे खुलासा हुआ कि 4-5 महीने पहले भी गोलू ने लेन-देन में समझौता करवाया था, जिसके लिए 10 लाख रुपये की रकम उसकी तरफ से बिचौलियों ने ली थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें