आज से सर्दी देगी दस्तक! बारिश के साथ चलेंगी 40 KM की रफ्तार से हवाएं
जयपुर।
राजस्थान में गुलाबी ठंड के मौसम के बीच अब मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आज से बीकानेर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही ठंडी हवाएं और बारिश राजस्थान में सर्दी की रफ्तार बढ़ाएंगी।
आज बीकानेर और जयपुर संभाग में बरसेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 23 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से बीकानेर और जयपुर संभाग के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिन में बादलों की आवाजाही और हल्की बौछारों के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही बना रहेगा।
