अमेरिका में तेल का भंडार 44 साल के निचले स्तर पर, रूस से डील के बाद भी नहीं घट रहा डीजल का भाव
नई दिल्ली।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच अमेरिका का तेल भंडार बेहद निचले स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका के स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व (SPR) में पिछले हफ्ते 300,000 बैरल की कमी आई। इससे यह घटकर 282.7 मिलियन बैरल पर आ गया जो अक्टूबर 1982 के बाद का सबसे निचला स्तर है। 20 मार्च से अमेरिका के SPR में 132.8 मिलियन बैरल यानी 32% की गिरावट आई है। पिछले 30 हफ्तों में से 29 हफ्तों में तेल भंडार में कमी देखी गई है।
साल 2020 में अमेरिका का स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व में तेल भंडार 653.9 मिलियन बैरल था, जो मौजूदा स्तर से 131% अधिक है। इस बीच, SPR को छोड़कर कमर्शियल कच्चे तेल के भंडार में भी पिछले हफ्ते 3.1 मिलियन बैरल की कमी आई। इससे यह 412.5 मिलियन बैरल पर आ गया जो जुलाई के अंत के बाद का सबसे निचला स्तर है। यह इस समय के 5 साल के औसत से भी लगभग 3% कम है।
अमेरिका में डीजल की कीमत
अमेरिका दुनिया में तेल का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। यूएस एनर्जी इंफॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, 19 अक्टूबर, 2026 वाले सप्ताह के लिए हाइवेज पर यूज होने वाले डीजल की राष्ट्रीय औसत खुदरा कीमत 6.276 डॉलर प्रति गैलन है। रूस के साथ डील के बावजूद अमेरिका में डीजल की कीमत हाई बनी हुई है।
ईरान युद्ध और रूसी रिफाइनरियों पर यूक्रेन के हमलों के कारण आई बाधाओं की वजह से डीजल की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। मोटरिस्ट ग्रुप AAA के अनुसार, मंगलवार को खुदरा डीजल की कीमत औसतन लगभग 6.32 डॉलर प्रति गैलन रही। अमेरिकी ऊर्जा विभाग के दो शीर्ष अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि वे देश-विदेश की रिफाइनरियों के साथ मिलकर ईंधन का उत्पादन बढ़ाने पर काम कर रहे हैं।
