करवाचौथ से पहले करें 15 मिनट वाला फेशियल, दमकता चेहरा देख पति भी नहीं हटा सकेंगे नजर
चेहरे पर टैन, पिछले सीजन की डलनेस और इस बदलते मौसम की बेरुखी, क्या यही मुंह लेकर आप करवाचौथ के लिए तैयार होने जा रही हैं। माना कि फेशियल के लिए टाइम नहीं निकल पाया, पर इसका मतलब यह तो नहीं कि आपके चेहरे को दमकने का हक नहीं। इस बार सलून नहीं तो न सही, घर पर ही आसानी से 15 मिनट वाला फेशियल करें और हो जाएं करवाचौथ के लिए रेडी। खूबसूरती ऐसी मिलेगी कि पति भी चेहरे से नजर नहीं हटा सकेंगे।
सबसे पहले करें जेंटल क्लेंजिंग
अपने फेशियल की शुरुआत क्लेंजिंग से करें। याद रखें ये मौसम सूखी हवा वाला है, इसलिए अब ऑयल कंट्रोल क्लेंजर की जरूरत नहीं है। नीम, सैलेसेलिक एसिड, टी ट्री जैसे क्लेंजर आपकी त्वचा की प्राकृतिक नमी को कम करके और भी रूखा बना सकते हैं, इसलिए इनसे बचें। यह तब ही इस्तेमाल करें जब इस मौसम में भी आपको ऑयली स्किन की समस्या बनी हो। इनकी जगह ऐसे क्लेंजर या फेस वॉश लें जो हायड्रेटिंग हो और त्वचा से नमी न छीनें।घर के सामान से ही क्लेंजिंग करना चाहती हैं तो कच्चा दूध क्लेंजिंग के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं। क्लेंजिंग करने के लिए क्लेंजर को उंगलियों में लें हथेली पर नहीं। उंगलियों के पोरों से धीरे धीरे गोलाकार में अपनी गर्दन से शुरू करते हुए चेहरे तक करीब तीन से चार मिनट तक क्लेंजिंग करें। नथुनों के किनारों, ठुड्डी और होठ के बीच में, गालों और टेंपल एरिया पर पिग्मेंटेशन वाली जगह पर खास तौर पर क्लेंजिंग करें।
एक्सफोलिएशन और डीटैन से टैनिंग हटाएं
क्लेंजिंग के बाद आपको टैनिंग हटाने के लिए डीटैन मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। अगर त्वचा सेंसिटिव है तो इससे बच सकती हैं। कई डीटैन मास्क में एक्सफोलिएट करनी की क्षमता भी होती है। अगर आपके मास्क में एएचए बीएचए जैसे केमिकल हैं तो अलग से एक्सफोलिएटर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डीटैन मास्क को करीब 8 मिनट तक लगाएं और पानी से धो लें।डीटैन मास्क एक्सफाेलिएट नहीं करता है तो अलग से एक्सफोलिएशन कर सकती हैं। इस मौसम स्किन ड्राय होती है इसलिए ग्रैन्यूल्स वाले स्क्रब से बचें। इसकी जगह जेंटल एक्स्फोलिएटर का इस्तेमाल करें जो बिना रगड़े त्वचा से डेड स्किन को हटाते हैं।
घर के सामान से स्क्रब करना चाहती हैं तो ओट्स को पीसकर उसमें शहद मिलाकर स्क्रब कर सकती हैं, यह त्वचा को हायड्रेट करता है। इसके अलावा, नारियल के तेल में कॉफी या दरदरी पिसी चीनी को मिलाकर स्क्रब बनाएं और करीब तीन मिनट तक चेहरे को स्क्रब करें। नाक के आस पास और नाक के ऊपर खास तौर पर स्क्रब करना न भूलें। इसके अलावा माथे और ठुड्डी पर भी व्हाइट हेड और ब्लैकहेड जमा हो जाते हैं। इसलिए इन जगहों पर भी ध्यान दें।
स्टीम से करें गहरी सफाई
स्क्रब के बाद करीब दो से तीन मिनट तक चेहरे को स्टीम दें। ध्यान रखें कि स्टीम आपके नथुनों के किनारों पर अच्छी तरह पहुंच सके। इससे बचे कुचे ब्लैकहेड व्हाइटहेड भी जगह छोड़ देते हैं जिनको बाद में कोमेडॉन एक्सट्रैक्टर से निकालना आसान हो जाता है। यह स्टेप तब ही करें जब आपको ब्लैकहेड या व्हाइटहेड की समस्या हो। अगर त्वचा रूखी ज्यादा है यो सेंसिटिव है तो स्टीम लेने से बचना चाहिए। स्टीम चेहरे के प्राकृतिक तेल को कम करती है।याद रखें स्टीम लेने के बाद टोनर लगाना न भूलें। अगर स्टीम नहीं ली है तो एक्सफोलिएटर के बाद टोनर लगाएं। आप टोनिंग के लिए गुलाब जल का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर पहले से कोई टोनर मौजूद है तो ध्यान दें कि वह एल्कोहल फ्री हो क्योंकि एल्कोहल भी त्वचा को रूखा बनाता है।
त्वचा की नमी के लिए मसाज करें
त्वचा को साफ करने के बाद बारी आती है उसे नमी देने की। अगर आप पिग्मेंटेशन के लिए कोई सीरम इस्तेमाल करती हैं, तो यही वह स्टेप है जहां आप अपनी सीरम की कुछ बूंदें चेहरे पर लगाकर मसाज कर सकती हैं। यह एक से दो मिनट तक हो सकता है। इसके बाद चेहरे को नमी पहुंचाने वाली मसाज क्रीम का इस्तेमाल करके चेहरे की करीब आठ से दस मिनट तक मसाज करें। आप चाहें तो फेस ऑयल, एलोवेरा जेल, कोल्ड क्रीम, पपीता, केला जैसे फलों का इस्तेमाल करके भी यह मसाज कर सकती हैं। मसाज के लिए ये स्टेप फॉलो करें :
- शुरुआत गर्दन से करें। मुठ्ठी बांधकर गोलाकार तरीके से डेकोले यानी गर्दन से थोड़ा नीचे कि हिस्से में मसाज शुरू करें।
- इसके बाद गदर्न पर कान के पीछे से दो उंगलियों से दबाव डालते हुए घुमावदार मसाज ऊपर से नीचे की तरफ दें।
- हाथाें को चपटा करके गर्दन पर नीचे से ऊपर की तरफ मसाज करें।
- दो उंगलियों के बीच में जॉलाइन को रखते हुए दोनों हाथों को बारी बारी एक से दूसरे कान की तरफ चलाएं।
- होठों के किनारे उंगली से दबाव डालते हुए आठ के आकार में हाथ मसाज करें।
- दोनों हाथों को एक एक गाल पर बारी बारी रखकर यिंग यैंग मोशन में मसाज करें।
- दो उंगलियों के बीच में नाक को फसाकर मसाज करें।
- इसके बाद अनामिका उंगली से आंखों के चारों तरफ गालाकार में अंदर से बारह की ओर मसाज करें। इसके बाद आईब्रो को उठाते हुए और दबाते हुए मसाज करें।
- माथे पर अंगूठे से प्रेशर देते हुए ऊपर की तरफ ले जाएं। उंगलियों से पूरे माथे की गाेलाकार मोशन में मसाज करें। टेंपल एरिया पर थोड़ा दबाव देते हुए मसाज करें।
- इसके बाद एक बार फिर कान के नीचे से गर्दन से जाते हुए कंधे तक उंगली से दवाब देकर लिंफेटिक ड्रेनेज करें ताकि चेहरे के टॉक्सिन नीचे उतर जाएं।
मास्क लगाकर फेशियल पूरा करें
इसके बाद आपको मास्क लगाना है ताकि आपके चहरे की नमी अंदर ही लॉक हो जाए और स्किन बेरियर भी मजबूत हो सके। इसके लिए आप बाजार में मिलने वाले फेस पैक, शीट मास्क, चंदन पाउडर, दही शहद जैसे फेस पैक या मास्क का इस्तेमाल कर सकती हैं। फेस को फिर क्लीन कीजिए और लीजिए हो गया आपका चेहरा करवाचौथ रेडी।
