‘पानीपत का पंडित’ आज लॉरेंस क्राइम सिंडिकेट का चेहरा, डंकी रूट से पहुंचा अमेरिका, जानें अपराध की दुनिया में कैसे पहुंचा
नई दिल्ली।
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर कातिलाना हमला कराने का दावा करने वाला अनिल पंडित (32) कभी रोजी-रोटी की तलाश में विदेश गया था। हरियाणा के पानीपत जिले के रायरकलां गांव का रहने वाला पंडित 2022 में दुबई पहुंचा। इसके बाद 2023 में ‘डंकी रूट’ से अमेरिका के कैलिफोर्निया चला गया। वहां उसकी मुलाकात जींद के रणदीप मलिक से हुई। दोनों मिलकर 2024 से लॉरेंस बिश्नोई के ऑर्गेनाइज क्राइम नेटवर्क (OCN) के लिए अमेरिका से काम करने लगे।
खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात के साबरमती में तो उसका छोटा भाई अनमोल बिश्नोई दिल्ली की तिहाड़ जेल में है। विदेश से ऑपरेट करने वाले ‘दोस्त’ पंजाब के गोल्डी बराड़ और राजस्थान के रोहित गोदारा इनसे अलग हो चुके हैं। एक्सटॉर्शन मनी के खातिर नॉर्थ इंडिया से लेकर बॉलिवुड तक में धमक बनाए रखने के लिए सिंडिकेट की तरफ से नए फेस सामने लाए जा रहे हैं।
कौन है सिंडिकेट का नया चेहरा
विदेश में बैठे राजस्थान के के हैरी बॉक्सर, हरियाणा के रणदीप मलिक, पंजाब के हरमन संधू और टायसन बिश्नोई के अलावा पानीपत का ‘अनिल पंडित’ इसका नया चेहरा है। हरियाणा पुलिस को मर्डर, हत्या का प्रयास, रंगदारी समेत लगभग 12 केसों में उसकी तलाश है।
मुंबई के लिए तैयार किए थे 3 शूटर
नॉर्थ रोहिणी निवासी एक कारोबारी और सोशल मीडिया इनफ्लूएंशर से जुलाई में घर और ऑफिस के फोटोग्राफ-विडियो भेज कर पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गई। गैंगस्टर हैरी बॉक्सर और रणदीप मलिक के नाम से कॉल आए। रोहिणी स्पेशल स्टाफ ने आजमगढ़ के तीन शूटरों को विदेशी हथियारों समेत जुलाई में ही दबोच लिया, जिनमे से एक अभिनव उर्फ आकाश जीके में 2024 के नादिर शाह मर्डर में भी था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तिहाड़ जेल से बाहर आने पर गैंग से संपंर्क किया तो अनिल पंडित ने विदेशी हथियार भिजवा कर कई जगह फायरिंग के ऑर्डर दिए, जिसमें मुंबई में भी बड़ा काम करने के लिए तैयार रहने को कहा गया था।
- हरमन संधू: हरमनवीर सिंह उर्फ हरमन संधू इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में नशा सप्लाई करता था। यह अमेरिका में डिटेन भी हो चुका है।
- टायसन बिश्नोई: लॉरेंस गैंग के नए विदेशी ‘ऑपरेटर’ टायसन ने कनाडा में फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। बॉलिवुड एक्टर आमिर खान को धमकी दी। दिल्ली के बिल्डर से अगस्त में 5 करोड़ मांगे।
