सरकारी अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ बसपा का प्रदर्शन

0

बलौदाबाजार ।

जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और सरकारी अस्पतालों को बचाने की मांग को लेकर बहुजन समाज पार्टी की जिला इकाई बलौदाबाजार-भाटापारा के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का विशाल घेराव एवं प्रदर्शन किया गया। आंदोलन में हजारों की संख्या में आम नागरिक, पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक शामिल हुए।प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। पूरा क्षेत्र “सीएमएचओ हटाओ, सरकारी अस्पताल बचाओ” और “अच्छी सुविधा पाइए, सीएमएचओ को हटाइए” जैसे नारों से गूंज उठा। प्रदर्शन में उमड़ी भीड़ ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर जनता की नाराजगी जाहिर की।बहुजन समाज पार्टी ने आरोप लगाया कि जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। मरीजों को समय पर समुचित उपचार नहीं मिलना, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही की शिकायतें तथा शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई का अभाव आम जनता के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकारी अस्पताल गरीबों, मजदूरों, किसानों और आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवा का प्रमुख आधार हैं। जनता के टैक्स से संचालित अस्पतालों में अव्यवस्था और लापरवाही का खामियाजा सबसे अधिक गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को भुगतना पड़ता है। ऐसे में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्था को मजबूत करना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।बहुजन समाज पार्टी ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में तत्काल सुधार करने, लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पद से हटाने की मांग की। पार्टी ने स्पष्ट किया कि आम जनता को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें