रणबीर की ‘रामायणम्’ को ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर बनने से कोई नहीं रोक सकता, बोले आशीष चंचलानी
रणबीर कपूर, साईं पल्लवी और यश स्टारर पौराणिक महाकाव्य पर बनी ‘रामायणम्’ धूमधाम से गुरुवार को यानी 5 नवंबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म को लेकर प्रड्यूसर नमित मल्होत्रा ने कहा कि उनका मकसद दर्शकों को ‘रामायण’ का एक ऐसा अभूतपूर्व रूप दिखाना है, जो पहले कभी न देखा गया हो। मल्होत्रा का कहना है कि वह अपनी इस फिल्म को ‘अवतार’ और ‘एवेंजर्स’ जैसी हॉलीवुड की भव्य फिल्मों के स्तर पर पेश करना चाहते हैं। वहीं बता दें कि आज बुधवार शाम को इस फिल्म का प्रीमियर रखा गया है। इसी के साथ फिल्म के फर्स्ट रिव्यू भी सामने आने लगे हैं।
‘रामायणम्: पार्ट 1’ जिसे ‘रामायणम्: राइज ऑफ ए लेजेंड’ के नाम से भी जाना जाता है, एक पौराणिक कहानी है। इस फिल्म की कहानी को श्रीधर राघवन ने को-राइट किया है। दो पार्ट में रिलीज होने जा रही इस फिल्म का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये है। हालांकि, बजट को लेकर नमित मल्होत्रा ने अब तक इसे लेकर कोई कन्फर्मेशन नहीं दिया है।
आशीष चंचलानी ने इस फिल्म की जमकर तारीफ की
फिल्म की स्क्रीनिंग में शामिल हुए कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी ने इस फिल्म की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इस फिल्म को एक पोटेंशियल हिस्टोरिक ब्लॉकबस्टर फिल्म कहा है। फिल्म देखकर अभिभूत हुए आशीष ने सोशल मीडिया पर अपना रिव्यू शेयर किया है।
आशीष चंचलानी ने कहा- रवि दुबे को खास तौर पर सलाम, सबसे बड़ी ताकत नितेश तिवारी
उन्होंने फिल्म की तारीफ में लिखा है, ‘रामायण सचमुच एक बड़ी ब्लॉकबस्टर है, जिसमें भारतीय सिनेमा में अब तक देखे गए कुछ सबसे बेहतरीन एक्शन सीन हैं। लेकिन शानदार दृश्यों के अलावा, फिल्म की सबसे बड़ी ताकत नितेश तिवारी का कुशल निर्देशन है। यह पूरी तरह से उनका जहाज है जिसपर उन्होंने बेहतरीन कंट्रोल रखा है। कास्टिंग परफेक्शन है, रणबीर, साई और यश सभी ने कमाल कर दिया। रवि दुबे को खास तौर पर सलाम, उन्होंने लक्ष्मण के रूप में कमाल कर दिया। हैरानी की बात है कि फिल्म में कुछ अच्छे फनी सीन हैं, जिनमें वह शामिल हैं। हालांकि बीच-बीच में छोटी-मोटी टेक्निकल दिक्कतें हैं (जैसे रात के सीन में कुछ डी-एजिंग शॉट थोड़े अलग लगते हैं) लेकिन फिल्म को इतनी अच्छी तरह से एडिट किया गया है कि आप शायद ही ध्यान दें। DNEG और नमित मल्होत्रा द्वारा उठाया गया हर जोखिम शानदार ढंग से रंग लाया है।’
‘इसे ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर बनने से कोई नहीं रोक सकता’
आशीष ने कहा,’हर एक्शन सीक्वेंस पिछले से बेहतर है। इस फिल्म को ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर बनने से कोई नहीं रोक सकता। मेरी बस यही सलाह है कि प्लीज़ इसे सबसे बड़ी स्क्रीन पर देखें। इसे सस्ती लीक या पायरेसी से जज न करें – यह बड़े पर्दे के लिए बनी है। जटायु के फाइट सीन के बाद मैं आखिर में रो रहा था।’
क्यों बनाई ‘रामायणम्’, नमित मल्होत्रा बोले
दिवाली के खास मौके पर त्योहार से ठीक 3 दिन पहले रिलीज हुई इस फिल्म को लेकर मल्होत्रा का कहना है कि उनकी महत्वाकांक्षा भगवान राम की कहानी को एक अभूतपूर्व स्तर पर बड़े पर्दे पर लाने की है। इसमें ‘थ्रीडी’ और ‘आईमैक्स’ तकनीक का इस्तेमाल होगा और इसका बजट ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ जैसी हॉलीवुड की भव्य फिल्मों के बराबर होगा।
इस कहानी का एक ऐसा रूप दिखाना चाहते हैं, जो आपने पहले कभी नहीं देखा होगा
मल्होत्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से हुई बातचीत में कहा, ‘भारत में अक्सर यह सवाल पूछा जाता है कि ‘जब पहले से ही इतनी सारी रामायण मौजूद हैं, तो फिर एक और रामायण क्यों बनाई जा रही है? हमें तो इसकी कहानी पहले से ही पता है। इस पर मेरा कहना है कि देखिए, हम इसे इसलिए बना रहे हैं क्योंकि हम आपको इस कहानी का एक ऐसा रूप दिखाना चाहते हैं, जो आपने पहले कभी नहीं देखा होगा।’
‘बिल्कुल अवतार या एवेंजर्स जैसी फिल्मों की तरह’
उन्होंने कहा, ‘किसी भी टीवी शो, नुक्कड़ नाटक या रामलीला में आपने रामायण को कभी इतने बड़े पैमाने और भव्यता के साथ नहीं देखा होगा, जैसा कि हम इसे बना रहे हैं, बिल्कुल अवतार या एवेंजर्स जैसी फिल्मों की तरह, या फिर स्पाइडर-मैन या द ओडिसी के बारे में सोचिए, हम रामायणम् को उन्हीं बड़ी और भव्य प्रस्तुतियों के स्तर पर ला रहे हैं।’
हॉलीवुड फिल्म ‘द गारफील्ड मूवी’ भी बनाई है
फिल्म निर्माता के निर्माण कार्यों में अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन – शिवा’ और हॉलीवुड फिल्म ‘द गारफील्ड मूवी’ शामिल हैं। इस बार वह अपने स्टूडियो ‘प्राइम फोकस स्टूडियोज’ के जरिए वाल्मीकि के महाकाव्य पर आधारित दो-भाग वाली फिल्म लेकर आये हैं। इसमें ऑस्कर विनर ‘वीएफएक्स’ स्टूडियो ‘डीएनईजी’ और यश की ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स’ भी शामिल हैं।
भारत भी एक भव्य और शानदार फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी उनकी नई फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता की भूमिका में, यश रावण के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नज़र आएंगे। इस फिल्म के जरिए मल्होत्रा यह साबित करना चाहते हैं कि भारत भी एक भव्य और शानदार फिल्म बना सकता है।
