प्रख्यात पत्रकार रमेश नैयर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि
रायपुर।
पत्रकारिता की धरती पर जिनकी उंगली पकड़कर मैंने चलना सीखा, ऐसे प्रख्यात पत्रकार, मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत रमेश नैयर को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन।नैयर का हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी भाषाओं पर अद्भुत अधिकार था। जितनी उम्दा उनकी लेखनी थी, उतने ही प्रभावशाली वे वक्ता भी थे। उनकी उपस्थिति किसी भी सभा और समारोह की गरिमा बढ़ा देती थी। हर मौजूं पर सटीक शेर उनकी जुबान पर रहता था। देश और प्रदेश की समसामयिक घटनाओं से लेकर अतीत की महत्वपूर्ण यादों तक, उनका ज्ञान और अनुभव अतुलनीय था।उन्होंने दैनिक भास्कर, देशबंधु, युगधर्म, द ट्रिब्यून और संडे ऑब्जर्वर जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में संपादक एवं विभिन्न वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा नवभारत और एमपी क्रॉनिकल के लिए भी वर्षों तक कार्य किया।छत्तीसगढ़ की निष्पक्ष, निर्भीक और मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। वे केवल एक वरिष्ठ पत्रकार ही नहीं, बल्कि अनेक पत्रकारों के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी थे।2 नवंबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में रायपुर में उनका निधन हुआ। लेकिन उनकी विचारधारा, उनकी लेखनी, उनके आदर्श और उनकी स्मृतियां आज भी हमारे बीच जीवंत हैं।कुछ व्यक्तित्व समय के साथ स्मृतियों में नहीं खोते, बल्कि अपनी प्रेरणा से पीढ़ियों को राह दिखाते रहते हैं।रमेश नैयर , आप सदैव याद आएंगे। आपकी पवित्र स्मृति को कोटि-कोटि नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि।
