अक्टूबर में GST कलेक्शन का नया रेकॉर्ड, 23% बढ़कर ₹2.31 लाख करोड़ पहुंचा, महाराष्ट्र नंबर-1, जानें आपके राज्य का हाल
नई दिल्ली।
देश में अक्टूबर के दौरान वस्तु एवं सेवा कर (GST) का कुल कलेक्शन सालाना आधार पर 22.9% (करीब 23 फीसदी) बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल अक्टूबर में सरकार को 1.88 लाख करोड़ रुपये का जीएसटी मिला था।रविवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के दौरान कुल जीएसटी कलेक्शन 13.2% बढ़कर 14.78 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। अक्टूबर में घरेलू कारोबार से जीएसटी कलेक्शन 15.8% बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये रहा। वहीं आयात से मिलने वाला जीएसटी 42.2% बढ़कर 72,246 करोड़ रुपये हो गया।
नेट जीएसटी कलेक्शन कितना?
अक्टूबर में सरकार ने 27,934 करोड़ रुपये का जीएसटी रिफंड जारी किया। यह पिछले साल के मुकाबले 6.5% ज्यादा है। रिफंड घटाने के बाद सरकार का नेट जीएसटी कलेक्शन 25.6% बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपये रहा।इस दौरान घरेलू कारोबार से नेट जीएसटी कलेक्शन 16.4% बढ़कर 1.45 लाख करोड़ रुपये और आयात से नेट कलेक्शन 56.2% बढ़कर 58,319 करोड़ रुपये हो गया। अक्टूबर के कुल जीएसटी कलेक्शन में केंद्रीय जीएसटी (CGST) की हिस्सेदारी 42,935 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी (SGST) की 51,340 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड जीएसटी (IGST) की 1.37 लाख करोड़ रुपये रही।
महाराष्ट्र जीएसटी कलेक्शन में सबसे आगे
राज्यों में महाराष्ट्र ने अक्टूबर में सबसे ज्यादा 35,150 करोड़ रुपये का जीएसटी कलेक्शन किया। यह पिछले साल के 31,013 करोड़ रुपये से 13% ज्यादा है। कर्नाटक 15,922 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ दूसरे और गुजरात 13,516 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रहा। अन्य प्रमुख राज्यों का जीएसटी कलेक्शन इस तरह रहा:
हरियाणा: 11,529 करोड़ रुपये, 17% की बढ़ोतरी
तमिलनाडु: 11,661 करोड़ रुपये, 3% की बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश: 10,235 करोड़ रुपये, 24% की बढ़ोतरी
दिल्ली: 9,298 करोड़ रुपये, 10% की बढ़ोतरी
पश्चिम बंगाल: 6,055 करोड़ रुपये, 17% की बढ़ोतरी
तेलंगाना: 5,958 करोड़ रुपये, 14% की बढ़ोतरी
राजस्थान: 4,937 करोड़ रुपये, 16% की बढ़ोतरी
ओडिशा: 4,744 करोड़ रुपये, 10% की बढ़ोतरी
आंध्र प्रदेश: 4,307 करोड़ रुपये, 24% की बढ़ोतरी
मध्य प्रदेश: 3,768 करोड़ रुपये, 29% की बढ़ोतरी
केरल: 3,486 करोड़ रुपये, 23% की बढ़ोतरी
पंजाब: 2,856 करोड़ रुपये, 25% की बढ़ोतरी
बिहार: 1,827 करोड़ रुपये, 24% की बढ़ोतरी
असम सबसे आगे
अक्टूबर में बड़े राज्यों में असम का जीएसटी कलेक्शन सबसे ज्यादा 47% बढ़कर 1,934 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी महीने यह 1,315 करोड़ रुपये था। झारखंड में कलेक्शन 31% बढ़कर 2,821 करोड़ रुपये और मध्य प्रदेश में 29% बढ़कर 3,768 करोड़ रुपये रहा।
इन राज्यों में जीएसटी कलेक्शन घटा
कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अक्टूबर के दौरान जीएसटी कलेक्शन में गिरावट भी दर्ज की गई। सिक्किम में सबसे ज्यादा 28% की कमी आई और कलेक्शन 221 करोड़ रुपये रहा। लद्दाख में यह 20% गिरकर 63 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 7% घटकर 179 करोड़ रुपये रहा। हिमाचल प्रदेश में GST कलेक्शन 2% कम होकर 704 करोड़ रुपये पर आ गया।
