‘रामायणम्’ में रावण का किरदार निभाने पर यश के बेटे ने दागे सवाल- पापा, आप बुरे आदमी कैसे बन सकते हैं
साउथ के सुपरस्टार यश इन दिनों निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह रावण का किरदार निभा रहे हैं। इस बीच एक्टर ने फिल्म की तैयारी के दौरान अपने बेटे के साथ हुई एक दिलचस्प बातचीत का खुलासा किया। यश ने बताया कि जब उनके बेटे को पता चला कि उनके पिता भगवान राम नहीं बल्कि रावण का किरदार निभाने वाले हैं, तो वह हैरान रह गया। बेटे के लिए यह समझना मुश्किल था कि उसके पिता कहानी में विलेन की भूमिका कैसे निभा सकते हैं।यश ने बताया कि उनका बेटा जानता है कि उसके पिता कौन हैं लेकिन जब उसे ‘रामायणम्’ की कहानी के बारे में पता चला तो वह काफी चौंक गया। बेटे ने उनसे कहा, ‘नहीं, आप तो बुरे आदमी हैं। आप ऐसा कैसे कर सकते हैं?’ इस पर यश ने उन्हें समझाया कि कहानी को सही तरीके से समझने के लिए उसके हर किरदार को दिखाना जरूरी है।
रावण का किरदार निभाने से निराश हुए यश के बेटे
रावण का किरदार निभाने से निराश हुए बेटे पर यश ने कहा, ‘मुझे अपने बेटे को बैठाकर समझाना पड़ा कि इस कहानी में भगवान राम वह मुख्य किरदार हैं, जिन्हें आपको अपना आदर्श मानना चाहिए। हर किसी को राम के रास्ते पर चलना चाहिए। रावण भले ही शक्तिशाली और प्रभावशाली नजर आए लेकिन जिंदगी में सच्ची और स्थायी जीत तभी मिलती है, जब आप राम की तरह धर्म और सही रास्ते पर चलते हैं। मैंने उससे कहा कि थिएटर में तुम एक एक्टर के तौर पर मेरे लिए तालियां बजा सकते हो लेकिन मेरे किरदार को अपना आदर्श मत समझना।’
बेटे ने किया सवाल- आखिर में आपकी मौत हो जाती है?
यश ने बताया कि इसके बाद बेटे ने उनसे एक और सवाल किया, जिसने उन्हें मुश्किल में डाल दिया। बेटे ने पूछा कि क्या कहानी के आखिर में रावण हार जाता है और उसकी मौत हो जाती है? यश ने कहा, ‘बेटे ने पूछा, क्या फिल्म के आखिर में आपकी मौत हो जाती है? क्या आप हार जाते हैं? यह सवाल मेरे लिए थोड़ा मुश्किल था। जब मैंने इस फिल्म को साइन किया था, तब मेरे दिमाग में सिर्फ यह था कि मैं अपने दर्शकों को एक शानदार परफॉर्मेंस दूं। मैंने सोचा भी नहीं था कि मुझे अपने बेटे के ऐसे सवालों का सामना करना पड़ेगा। उसे यह समझाना कि एक्टर और उसके निभाए किरदार में फर्क होता है, मेरे लिए एक अलग ही अनुभव था।’
रावण के किरदार के लिए यश ने की थी खास तैयारी
यश ने एक इंटरव्यू में बताया था कि रावण के किरदार में ढलने के लिए वह शूटिंग के दौरान सेट पर भगवान शिव के भजन और मंत्र तेज आवाज में चलाया करते थे। दरअसल, रावण को भगवान शिव का परम भक्त माना जाता है और यश इसी माहौल के जरिए खुद को किरदार की मानसिक स्थिति में लाने की कोशिश करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि रावण का भारी मुकुट और भव्य कॉस्ट्यूम पहनना शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण था।
‘रामायणम्’ की स्टार कास्ट
बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा है। फिल्म में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, सीता के रूप में साई पल्लवी और रावण के रूप में यश शामिल हैं। इनके अलावा, सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय और अनुपम खेर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
‘रामायणम्’ की रिलीज डेट
‘रामायणम्’ दो पार्ट में रिलीज होगी। पहला पार्ट इसी साल 5 नवंबर को रिलीज होगा। वहीं, दूसरा पार्ट अगले साल दीपावली पर रिलीज होगा। वहीं बजट की बात करें तो ‘रामायणम्’ के दोनों पार्ट का बजट करीब ₹4,000 करोड़ है।
