दैनिक दबंग स्वर की छठवीं वर्षगांठ पर प्रदेश की 100 प्रतिभाओं को मिला छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड 

0

रायपुर। 

सकारात्मक पत्रकारिता के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे दैनिक समाचार पत्र दैनिक दबंग स्वर की छठवीं वर्षगांठ राजधानी रायपुर के वृंदावन सभागृह में भव्य एवं गरिमामय समारोह के रूप में मनाई गई। सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था वक्ता मंच के संयुक्त आयोजन में लोककला,बौद्धिक विमर्श और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 100 प्रतिभाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।

इनमें रक्तदान एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तखतपुर निवासी रक्तवीर एवं समाजसेवी घनश्याम श्रीवास भी शामिल रहे। समारोह के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कृषि विशेषज्ञ डॉ.राजाराम त्रिपाठी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अनिल पुसदकर ने की।विशिष्ट अतिथियों में भूजल वैज्ञानिक डॉ.विपिन दुबे,वरिष्ठ साहित्यकार डॉ.माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’,युवा संस्था के संस्थापक एम.राजीव एवं वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार धर शामिल रहे।

मुख्य अतिथि डॉ.राजाराम त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि “सम्मान बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। अच्छे कार्यों के लिए किसी की पीठ थपथपाना भी एक सामाजिक दायित्व है।” उन्होंने दैनिक दबंग स्वर और वक्ता मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को निष्पक्ष रूप से पहचानकर मंच प्रदान करना समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल है। दैनिक दबंग स्वर के प्रधान संपादक डॉ.पंडित पी.के.तिवारी ने स्वागत भाषण में समाचार पत्र की छह वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि सकारात्मक खबरों, नई सोच और जनसरोकारों के साथ अखबार को पाठकों का निरंतर स्नेह एवं सहयोग मिल रहा है। उन्होंने स्वस्थ,निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। समारोह में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और कला की विविध प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। भरथरी गायन,ओडिसी नृत्य,लोकगीत,छत्तीसगढ़ी कविता, लोकनाट्य और संगीतमय योग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष पहचान दी। इसके साथ ही भूजल संरक्षण,रक्तदान,वन संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर वक्ताओं ने विचार रखे तथा प्रकृति और मानवता के संरक्षण का संदेश दिया।
दैनिक दबंग स्वर की छठवीं वर्षगांठ पर लोककला,विचार-विमर्श और सम्मान का भव्य संगम
रक्तदान एवं मानव सेवा के लिए घनश्याम श्रीवास सम्मानित

तखतपुर निवासी घनश्याम श्रीवास को रक्तदान,थैलेसीमिया जागरूकता,यातायात सुरक्षा,पर्यावरण संरक्षण एवं जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में निरंतर योगदान के लिए ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। वे वर्ष 2014 से स्वैच्छिक रक्तदान एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं और अब तक 35 बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने तखतपुर क्षेत्र के युवाओं को साथ लेकर रक्तदान सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 2023 में इस पहल को पंजीकृत स्वरूप देते हुए सर्व मानव जागृत युवा सेवा समिति,तखतपुर, छत्तीसगढ़ के माध्यम से सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाया। समिति रक्तदान एवं जागरूकता के साथ थैलेसीमिया पीड़ितों की सहायता,यातायात जागरूकता,पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में भी योगदान दे रही है। घनश्याम श्रीवास ने इस सम्मान को केवल अपना व्यक्तिगत सम्मान न मानते हुए क्षेत्र के समस्त रक्तदाताओं,समाजसेवियों और सहयोगियों को समर्पित किया।उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उनके सम्मान से तखतपुर सहित बिलासपुर जिले और प्रदेश के रक्तदाताओं एवं समाजजनों में हर्ष का माहौल है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रदेशभर से चयनित 100 प्रतिभाओं का सम्मान रहा।रायपुर,बिलासपुर,तखतपुर,दुर्ग,भिलाई, बस्तर,जांजगीर, महासमुंद,राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ महतारी के आकर्षक स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए गए।चयन में ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी प्राथमिकता दी गई। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने किया। वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने आभार व्यक्त किया।आयोजन को सफल बनाने में वक्ता मंच की पूरी टीम एवं आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दैनिक दबंग स्वर की छठवीं वर्षगांठ का यह आयोजन सकारात्मक पत्रकारिता,लोकसंस्कृति और समाजसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बना।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें