महानवमी पर दुर्गा पूजा मंडपों के दौरे पर तारिक रहमान, बांग्लादेश के हिंदुओं में भरोसा जगाने की करेंगे कोशिश
ढाका।
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान मंगलवार को महानवमी के मौके पर रंगपुर पहुंचे हैं। इस दौरान वे देश में हिंदुओं के सबसे बड़े धार्मिक त्योहार दूर्गा पूजा के अवसर पर रंगपुर, राजशाही और चट्टोग्राम डिवीजन में दुर्गा पूजा मंडपों का दौरा करेंगे। उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय खासतौर पर हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। माना जा रहा है कि इस दौरे के जरिए तारिक रहमान अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को संरक्षण देने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराएंगे।
पूजा मंडपों में भक्तों से करेंगे मुलाकात
बांग्लादेश के प्रमुख अखबार प्रथम आलो के अनुसार, प्रधानमंत्री तारिक रहमान के प्रेस सचिव AAM सालेह शिबली ने बताया कि वे रंगपुर में राधा गोविंद मंदिर के पूजा मंडप में जाएंगे और भक्तों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे राजशाही और चट्टोग्राम जाएंगे और आज रात ढाका लौट आएंगे।शिबली ने प्रधानमंत्री के हवाले से कहा कि सरकार की नीति है कि धर्म व्यक्ति का निजी मामला है, जबकि सुरक्षा पाना हर किसी का अधिकार है। प्रधानमंत्री के इस दौरे में BNP की स्थायी समिति के सदस्य गयेश्वर चंद्र रॉय, महिला एवं बाल मामलों के मंत्री प्रो AZM जाहिद हुसैन, BNP के कार्यवाहक महासचिव रूहुल कबीर रिजवी, सांस्कृतिक मामलों के मंत्री निताई रॉय चौधरी और प्रधानमंत्री के सलाहकार रेहान आसिफ असद समेत अन्य लोग शामिल हैं।
राजशाही और चटगांव में भी कार्यक्रम
कार्यक्रम के अनुसार, रंगपुर धर्मसभा मंदिर में प्रधानमंत्री व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और समुदाय के नेताओं तथा स्थानीय आयोजकों से सीधे बातचीत करेंगे। इसके बाद वह राजशाही के पूजा मंडप में जाएंगे। शाम में रहमान चटगांव के ऐतिहासिक जेएम हॉल रहमतगमंज पूजा मंडप में जाने का कार्यक्रम है। दौरा शुरू करने के पहले तारिक रहमान ने अपनी पत्नी जुबैदा रहमान के साथ ढाका के मोहाखाली और बनानी इलाकों में पूजा मंडपों का दौरा किया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मंदिरों और पूजा मंडपों में प्रधानमंत्री के दौरे से हिंदू समुदाय के बीच भरोसा कायम होगा। इस दौरे एक और उद्देश्य देश के अल्पसंख्यकों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाना है, जो परंपरागत रूप से शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी के साथ जुड़ा रहा है।
