दिवाली से पहले अमूल का झटका, 1 किलो घी के लिए अब देने होंगे 680 रुपये, मक्खन भी महंगा हुआ, देखें नई रेट लिस्ट

0

नई दिल्ली।

दिवाली से पहले अमूल ने घी और मक्खन की कीमतें बढ़ा दी हैं। अब 1 किलो अमूल घी का कार्टन 50 रुपये महंगा होकर 680 रुपये का हो गया है। वहीं 500 ग्राम मक्खन के पैक की कीमत 15 रुपये बढ़ाकर 325 रुपये कर दी गई है। घी और मक्खन की बढ़ती मांग के बीच यह फैसला लिया गया है। कई बाजारों में अमूल गाय के घी की कमी भी बताई जा रही है।गुजरात और पड़ोसी राज्य राजस्थान में मिलावटी घी के खिलाफ कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ी है। इसका फायदा अमूल जैसे बड़े ब्रांड को मिल रहा है। दूसरी ओर, कीमतें बढ़ने से ग्राहकों को सितंबर 2025 में जीएसटी कटौती के बाद मिली राहत का बड़ा हिस्सा खत्म हो गया है। हाल में कर्नाटक में नंदिनी दूध 8 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है।

अमूल घी और मक्खन के नए दाम

अमूल प्रोडक्ट पुरानी कीमत नई कीमत बढ़ोतरी
एक किलो घी का कार्टन 630 रुपये 680 रुपये 50 रुपये
500 ग्राम घी का पाउच 325 रुपये 345 रुपये 20 रुपये
100 ग्राम मक्खन 63 रुपये 66 रुपये 3 रुपये
500 ग्राम मक्खन 310 रुपये 325 रुपये 15 रुपये

 

गाय के घी की कितनी कीमत?

अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर गाय के घी की कीमत 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी की 710 रुपये, शुद्ध घी की 700 रुपये और भैंस के घी की कीमत 720 रुपये प्रति लीटर है। हालांकि शुद्ध घी, भैंस का घी और कुछ कॉम्बो पैक जैसे उत्पाद प्लेटफॉर्म पर आउट ऑफ स्टॉक दिख रहे थे।

गुजरात और दूसरे शहरों में घी की किल्लत

कीमतें बढ़ने के साथ ग्राहकों को अमूल के कुछ डेयरी प्रोडक्ट खरीदने में भी परेशानी हो रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, वडोदरा और अहमदाबाद के दुकानदारों ने बताया कि गणेश उत्सव के बाद से ही घी की सप्लाई कम हो रही है। खासकर अमूल गाय के घी की उपलब्धता में ज्यादा परेशानी है। अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में एक डी-मार्ट स्टोर पर मंगलवार को अमूल का घी और मक्खन उपलब्ध नहीं था।गुजरात के अलावा पुणे और कोलकाता में भी जुलाई और सितंबर के दौरान सप्लाई में परेशानी की खबरें आई थीं। जम्मू-कश्मीर से भी ऐसी शिकायतें सामने आई हैं। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में सप्लाई की दिक्कत की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

मिलावटी घी पर कार्रवाई से बढ़ी मांग

अमूल से जुड़े एक सहकारी क्षेत्र के पदाधिकारी के मुताबिक, गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ी है। उनका दावा है कि पिछले 6 महीनों में दोनों राज्यों के अलग-अलग इलाकों से करीब 2 लाख किलो नकली घी जब्त किया गया है। इसके बाद ग्राहकों ने अमूल जैसे स्थापित ब्रांड की ओर रुख किया है।उन्होंने बताया कि आमतौर पर पूरे साल में घी की कुल खपत का करीब 45% हिस्सा त्योहारों के सीजन में होता है। दिवाली जैसे त्योहारों पर मिठाइयां बनाने के लिए घी की मांग बढ़ने से सप्लाई पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

वडोदरा में अमूल गाय घी की सप्लाई अब भी कम

वडोदरा के कुछ अमूल पार्लर संचालकों का कहना है कि सप्लाई बेहतर करने की कोशिशों के बावजूद गाय के घी की कमी बनी हुई है।
एक पार्लर संचालक ने बताया कि उनके आउटलेट को जरूरत के मुकाबले बहुत कम घी मिल रहा है। गणपति उत्सव के बाद से उन्हें अमूल गाय के घी की सप्लाई नहीं मिली है। सप्लाई की समस्या को लेकर पार्लर संचालकों ने डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ बैठक भी की थी। इसके बाद वितरण व्यवस्था में कुछ सुधार हुआ, लेकिन गाय के घी की सप्लाई अब भी जरूरत से कम है।

इन ब्रांड ने भी बढ़ाई कीमत

हाल ही में कर्नाटक सरकार ने नंदिनी दूध की कीमत बढ़ाई है। 1 नवंबर से नंदिनी दूध 8 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। सरकार का कहना है कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से दूध की कीमतें बढ़ाई गई हैं।तमिलनाडु सहकारी दुग्ध उत्पादक महासंघ (आविन) ने भी मक्खन, घी और मिठाइयों समेत अपने 67 दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। ये बढ़ी हुई कीमतें 28 अक्टूबर से पूरे राज्य में लागू हो चुकी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें