पुरुषों की तरह महिला क्रिकेट में भी टी20 की अलग टीम बना रहा BCCI, कोच अमोल मजूमदार ने बताया पूरा प्लान

0

नई दिल्ली ।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने बताया है कि बीसीसीआई महिलाओं की नई टी20 टीम बना रहा है। इस टीम की खास बात यह होगी कि यह पुरुष टीम की तरह निर्भीक होकर खेलेगी। 2026 टी20 विश्व कप में भारतीय महिला टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। इसके बाद यह फैसला किया गया है। मजूमदार ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट में जल्द ही टी20 की स्पेशल टीम तैयार हो सकती है।स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ मुंबई के एक कार्यक्रम में मजूमदार से जब पूछा गया कि महिला टीम के लिए अलग टी20 स्क्वॉड कब तक तैयार हो सकता है, तो उन्होंने कहा, ‘ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।’ उन्होंने बताया कि भारतीय क्रिकेट में नई खिलाड़ी तेजी से सामने आ रही हैं और टीम पहले ही इस दिशा में आगे बढ़ रही है।

अंडर-15 और अंडर-19 खिलाड़ियों से उम्मीदें

अमोल मजूमदार ने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित अंडर-15 और अंडर-19 खिलाड़ियों के कैंप का जिक्र करते हुए कहा कि वहां उन्हें काफी शानदार प्रतिभाएं देखने को मिली हैं। इन कैंपों से भारतीय महिला क्रिकेट के मजबूत भविष्य की झलक मिलती है। मजूमदार के मुताबिक नई पीढ़ी की खिलाड़ी आधुनिक क्रिकेट की जरूरतों को अच्छी तरह समझती हैं। वे फिटनेस, डाइट और फील्डिंग को खेल का अहम हिस्सा मानती हैं। कम उम्र से ही उनमें प्रोफेशनल क्रिकेटरों वाली सोच विकसित हो रही है।

टी20 में सुधार की जरूरत

भारतीय महिला टीम ने टेस्ट और वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने पिछले 5 टेस्ट में 4 मुकाबले जीते हैं। इसके अलावा भारतीय टीम महिला ने पिछले साल ही वनडे विश्व कप भी जीता था। यह महिला टीम का पहला विश्व कप था। हालांकि, टी20 क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। भारत 2024 और 2026 के महिला टी20 विश्व कप में लीग स्टेज से आगे नहीं बढ़ सका। ऐसे में टी20 फॉर्मेट के लिए अलग रणनीति और विशेषज्ञ खिलाड़ियों का चयन टीम के लिए अहम साबित हो सकता है।

पिछले 10 आईसीसी टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन

साल टूर्नामेंट रिजल्ट
2026 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप ग्रुप स्टेज
2024 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप ग्रुप स्टेज
2025 आईसीसी महिला वनडे विश्व कप विजेता
2023 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप सेमीफाइनल (ऑस्ट्रेलिया से हारी)
2020 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप उपविजेता (फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारी)
2018 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप सेमीफाइनल (इंग्लैंड से हारी)
2017 आईसीसी महिला वनडे विश्व कप उपविजेता (फाइनल में इंग्लैंड से हारी)
2016 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप ग्रुप स्टेज
2014 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप ग्रुप स्टेज
2012 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप ग्रुप स्टेज

हर खिलाड़ी को समझना जरूरी

मजूमदार ने अपनी कोचिंग शैली पर बात करते हुए कहा कि किसी खिलाड़ी की प्रतिभा के साथ-साथ उसकी सीखने की इच्छा भी उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कोच को खिलाड़ी के बॉडी लैंग्वेज को समझना चाहिए और यह पहचानना चाहिए कि उसे सलाह देने का सही समय कौन-सा है। उन्होंने यह भी कहा कि हर खिलाड़ी को अपनी जरूरत के मुताबिक स्पेस देना जरूरी है। कोच के पास बताने के लिए कई बातें हो सकती हैं, लेकिन खिलाड़ी किस मानसिक स्थिति में है, इसे समझना भी जरूरी है।

ड्रेसिंग रूम के माहौल के कारण जीता विश्व कप

भारत की पहली महिला वनडे विश्व कप जीत को याद करते हुए मजूमदार ने कहा कि टीम की एकजुटता और ड्रेसिंग रूम के खुशनुमा माहौल के कारण उन्हें सफलता मिली। उन्होंने कहा कि टीम के भीतर आपसी तालमेल और सकारात्मक माहौल का असर मैदान पर भी दिखाई दिया। उन्होंने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी की भी जमकर तारीफ की। मजूमदार ने कहा कि उनके साथ तीन साल काम करना शानदार अनुभव रहा। अब वह नई कप्तान स्मृति मंधाना के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए काम करने को लेकर उत्साहित हैं। मजूमदार का लक्ष्य भारतीय महिला टीम में दबदबे और मैदान पर आक्रामक रवैये की संस्कृति विकसित करना है। उनका मानना है कि नई पीढ़ी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें