रासलीला हृदय के प्रेम को प्रकट करने वाली लीला है: पं. अखिलेश शास्त्री

0

रायपुर।

रामकृष्ण मिशन विवेकानन्द आश्रम, रायपुर के तत्वावधान में विवेकानन्द जयन्ती के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में ‘रास पंचध्यायी’ पर अंतिम दिन प्रवचन देते हुये वृन्दावन से पधारे पं. अखिलेश शास्त्री जी ने कहा कि श्रीमद् भागवत जीवन बनाने का ग्रन्थ है, जीविका चलाने का ग्रन्थ नहीं है। भगवान की लीला हृदय को शुद्ध करती है।  वृन्दावन की रासलीला भगवान श्रीकृष्ण के घर की लीला है। वृन्दावन ब्रम्हाजी की सष्टि नहीं, भगवान की अपनी सृष्टि है। यह लीला नित्य नूतन होती रहती है, इसके कई प्रमाण हैं। रासलीला सभी साधनों का फल है। यह वह रस है, जो हमें जीवित रखती है। ‘रसो वै रसः’ कहा गया है। दिव्य रस के मिलने पर लौकिक रस स्वयं छूट जाता है। साधक भक्त जब इस दिव्य रस में अवगाहन करता है, तो विषय-रस कब कहाँ छूट जाते हैं, पता ही नहीं चलता। भगवद् रस तब मिलेगा, जब संसार का रस फीका पड़ जायेगा।

एडजेस्टमेन्ट और अटैचमेन्ट की शिक्षा गोपियों से मिलती है। गोपियाँ परिवार में एडजेस्टमेन्ट करती हैं, और भगवान से अटैचमेन्ट रखती हैं। दिल लगाने से भगवान मिलते हैं, दिमाग लगाने से संसार का काम होता हैं। संसार में दिमाग और भगवान से दिल लगाओ। जब हम जगत से हारने लगें, तो भगवान की ओर देखें, भगवान अवश्य रक्षा करेंगे। जैसे श्रीकृष्ण ने भीम की जरासन्ध से युद्ध करते समय रक्षा की थी।

रासलीला परम प्रेममयी रसलीला है। रासलीला हृदय के प्रेम को प्रकट करने वाली लीला है। इसकी अधिकारी केवल गोपियाँ हैं। जब गोपियाँ श्रीकृष्ण के पास पहुँचीं, तो भगवान ने उन सबका स्वागत किया और पूछा कहो, तुम लोगों के लिये क्या प्रिय कर सकता हूँ ? गोपियाँ अवाक् होकर सामने खड़ी हैं। जब भगवान ने उन्हें अपने घर जाने को कहा, तो गोपियों ने कहा कि हम जिस संसार को छोड़कर चली आयी हैं, पुनः वापस वहाँ नहीं जायेंगी।

श्रवण, दर्शन और ध्यान से भगवान की लीला हमारे हृदय में प्रकट हो जायेगी। भगवान जगत को नचाते हैं, और भक्त भगवान को नचाता है। भगवान की भक्ति से शास्त्र हृदय में उत्पन्न हो जाता है। भक्त का बल भगवान होते हैं। मीरा कहती हैं मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरो न कोई। पायोजी मैंने रामरतन धन पायो। सूरदास जी कहते हैं निर्बल के बल राम।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें