तेज हवा के बारिश का कहर, छत्तीसगढ़ के कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित

0

रायपुर।

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, वहीं कुछ इलाकों में बीती रात से बारिश के साथ ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की आशंका के बीच प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में स्कूलों में अवकाश घोषित करने का सिलसिला भी जारी है।मौसम विभाग द्वारा जारी के मुताबिक, 28 अक्टूबर को दक्षिण बस्‍तर के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इसमें दंतेवाड़ा, सुकमा, और बीजापुर जिले शामिल थे. वहीं 29 अक्टूबर को बिलासपुर संभाग में भी रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है.

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी मौसम बदल गया है. सुबह बादल छाए रहे । दोपहर से शुरु हुई बारिश अब थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने शहर में लगातार बारिश वाले बादल छाए रहने की संभावना जताई है. विभाग का कहना है कि रायपुर में गरज-चमक के साथ हल्‍की बारिश हो सकती है. वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी.

रायपुर जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में 29 अक्टूबर को अवकाश

रायपुर जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।इस आदेश के अनुसार जिले की भौगोलिक सीमा में संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों,  महाविद्यालयों तथा संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को विद्यार्थियों के लिए एकदिवसीय अवकाश रहेगा।

इन जिलों में बंद रहेंगे स्कूल

राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित जिलों के कलेक्टरों के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारियों ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इसके तहत राजधानी रायपुर, बिलासपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, कांकेर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सूरजपुर जिले में 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे। अवकाश संबंधी ये आदेश संबंधित जिलों के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों पर लागू होंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें