रणबीर कपूर ने पुणे में ₹4.63 लाख मासिक किराए पर दिया अपना लग्जरी अपार्टमेंट, 5 महीने पहले खरीदी 25.7 एकड़ जमीन
एक्टर रणबीर कपूर अपने नए घर में शिफ्ट हो गए हैं और उसके बाद से ही उनके प्रॉपर्टी में निवेश बढ़ते जा रहे हैं। अब,CRE Matrix के प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन पेपर्स के अनुसार, रणबीर कपूर ने पुणे के ट्रम्प टावर्स में अपना 6,094 वर्ग फुट का लग्जरी अपार्टमेंट किराए पर दिया है, जिसका शुरुआती मासिक किराया 4.6 लाख रुपये है। पेपर्स से पता चलता है कि पुणे के कल्याणी नगर, येरवडा इलाके में स्थित अपार्टमेंट के लिए ‘लीव एंड लाइसेंस’ समझौता 6 अक्टूबर 2026 को रजिस्टर किया गया था, और यह अपार्टमेंट 20 सितंबर 2026 से 19 सितंबर 2029 तक, यानी तीन साल के लिए लीज पर दिया गया था।पेपर्स के मुताबिक, इस अपार्टमेंट का क्षेत्रफल लगभग 6,094 वर्ग फुट है और इसमें तीन कवर्ड कार पार्किंग की जगह शामिल है। समझौते के तहत शुरुआती मासिक किराया ₹4,63,050 तय किया गया है, जिसमें हर साल 5% की बढ़ोतरी होगी। समझौते के मुताबिक, 36 महीने की अवधि में कुल किराया ₹1.75 करोड़ बनेगा।
₹11 करोड़ में खरीदा था अपार्टमेंट
पेपर्स से पता चलता है कि रणबीर कपूर ने 2015 में यह अपार्टमेंट ₹11 करोड़ से अधिक में खरीदा था। किरायेदार ने रणबीर कपूर को ₹27.78 लाख की सिक्योरिटी डिपॉजिट भी दी है, जो शुरुआती मासिक किराये के छह महीने के बराबर है।
23-मंजिला की दो टावर में अपार्टमेंट
एक दशक पहले, ट्रम्प ऑर्गनाइजेशन ने पुणे के कल्याणी नगर इलाके में ‘ट्रम्प टावर्स’ बनाने के लिए पुणे की पंचशील रियल्टी के साथ साझेदारी की थी। इस प्रोजेक्ट में 23-मंजिला दो टावर हैं, जिनमें से हर एक में 46 सिंगल-फ्लोर अपार्टमेंट हैं। ये 46 अपार्टमेंट रहने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और 3.69 लाख वर्ग फुट में फैले हुए हैं। इस प्रोजेक्ट में 5.5 BHK अपार्टमेंट शामिल हैं।
25.7 एकड़ जमीन खरीदी
अप्रैल 2026 में, उन्होंने पुणे के मुलशी तालुका के पिंपरी गांव में लगभग 25.7 एकड़ में फैले चार सटी हुई जमीनों को कुल ₹16.42 करोड़ में खरीदा। इस सौदे का एग्रीमेंट 30 अप्रैल 2026 को रजिस्टर किया गया था। मई 2026 में, रणबीर कपूर ने अयोध्या में ‘द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ द्वारा विकसित एक प्रीमियम प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में 2,134 वर्ग फुट का एक प्लॉट लगभग ₹3.31 करोड़ में खरीदा।
रणबीर कपूर ने ‘वास्तु’ में किराए पर दिया अपार्टमेंट
लगभग उसी समय, रणबीर कपूर ने मुंबई के पाली हिल स्थित ‘वास्तु’ बिल्डिंग में अपने पुराने 2,460 वर्ग फुट के अपार्टमेंट को 5 साल के लिए ₹11 लाख प्रति महीने के किराए पर दे दिया। उन्होंने यह अपार्टमेंट 2016 में ₹35 करोड़ में खरीदा था। इस समझौते में हर साल किराया 5% बढ़ाने की शर्त और ₹45 लाख की सिक्योरिटी डिपॉजिट भी शामिल थी।
