अब दिल्ली नहीं विशाखापत्तनम में खेला जाएगा भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज का पहला मैच, जानें क्यों हुआ ये बदलाव
नई दिल्ली।
भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज के पहले मुकाबले का वेन्यू बदल दिया गया है। पहले यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 13 दिसंबर को खेला जाना था, लेकिन अब इसकी मेजबानी विशाखापत्तनम को सौंप दी गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। अब सीरीज का पहला वनडे आंध्र प्रदेश के ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, मैच की तारीख और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मुकाबला दोपहर 2 बजे शुरू होगा।बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने अपने बयान में बताया कि दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ की अपील पर वेन्यू में बदलाव किया गया है। इसके पीछे संभावित खराब मौसम और स्टेडियम में प्रस्तावित रिनोवेशन का काम प्रमुख वजह है।
कई मैच का वेन्यू बदला
अरुण जेटली स्टेडियम में बड़े स्तर पर रिनोवेशन का काम चल रहा है। इसके तहत स्टेडियम के ड्रेनेज सिस्टम को आधुनिक बनाया जा रहा है। साथ ही आउटफील्ड बदली जा रही है। यहां फिलहाल मिट्टी वाली आउटफील्ड है। इसे हटाकर रेत वाली आउटफील्ड तैयार की जा रही है। पिचों को दोबारा तैयार करने और मैदान में नई घास लगाने का काम भी होना है। इस काम के चलते दिल्ली में घरेलू क्रिकेट के मुकाबलों पर भी असर पड़ा है। दिल्ली की रणजी ट्रॉफी टीम को अपने घरेलू मुकाबले पालम स्थित एयरफोर्स ग्राउंड पर खेलने पड़े हैं, जबकि सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के लीग मुकाबलों की मेजबानी सूरत को सौंप दी गई।
पहले भी उठी थी मैच शिफ्ट होने की बात
पहले ही खबर आई थी कि अरुण जेटली स्टेडियम में बड़े स्तर पर ड्रेनेज सिस्टम के बदलाव और रिनोवेशन के चलते भारत-श्रीलंका सीरीज का पहला मुकाबला दिल्ली से बाहर जा सकता है। अब बीसीसीआई ने इसकी पुष्टि कर दी है।
भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज का शेड्यूल
13 दिसंबर: पहला वनडे – विशाखापत्तनम (दोपहर 2 बजे)
16 दिसंबर: दूसरा वनडे – बेंगलुरु (दोपहर 2 बजे)
19 दिसंबर: तीसरा वनडे – अहमदाबाद (दोपहर 2 बजे)
भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज का शेड्यूल
22 दिसंबर: पहला टी20 – राजकोट (शाम 7 बजे)
24 दिसंबर: दूसरा टी20 – कटक (शाम 7 बजे)
27 दिसंबर: तीसरा टी20 – पुणे (शाम 7 बजे)
