लोकतंत्र सेनानी संघ प्रहरी ने मनाई लोकनायक जयंती

0

रायपुर।

लोकनायक जयप्रकाश नारायण सामान्य व्यक्ति नहीं अपितु समग्र क्रांति के योद्धा, व्यवस्था परिवर्तन के वाहक थे। इसी कारण वह लोक से लोकनायक बन गए। उक्त विचार लोकतंत्र सेनानी संघ व लोकतंत्र प्रहरी द्वारा संघ के प्रदेश कार्यालय उपासने निवास में आयोजित लोकनायक जयप्रकाश नारायण  व नानाजी देशमुख जयंती समारोह में योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा ने व्यक्त किये।उन्होंने कहा कि आपातकाल के भयावह वातावरण में जब लोकतंत्र समाप्त हो गया था, इंदिरा गांधी व कांग्रेस तानाशाही की पर्याय बन गई थी, तब जयप्रकाश नारायण ने “सिंहासन खाली करो कि जनता आती है” का शंखनाद कर तानाशाही राज समाप्त करने में महती भूमिका अदा की, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहयोग से संभव हुआ।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार अनिल द्विवेदी ने अपनी ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि लोकनायक व नानाजी वैचारिक विभिन्नता के बावजूद जब राष्ट्र पर संकट आया तो “राष्ट्र प्रथम” का भाव लेकर एकजुट हुए। जिस प्रकार लोकनायक ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी महती भूमिका निभाई थी, उसी भाव से उन्होंने आजादी की दूसरी लड़ाई में भी योगदान देकर इतिहास रच दिया जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।मुख्य वक्ता भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने अपने सारगर्भित भाषण में कहा कि यदि लोकनायक व राष्ट्रीय स्वयंसेवक जैसे राष्ट्रवादी संगठन देश में न होते तो इंदिरा गांधी के तानाशाही राज का कभी अंत न होता। 21 माह तक जेलों में बंद राष्ट्रभक्तों को कठिन यातनाएँ सहनी पड़ीं, परंतु उस अंधेरी काली रात में जे.पी. आंदोलन एक चिंगारी बनकर ज्वाला के रूप में फूटा और परिवर्तन का वाहक बना। उज्जवल ने कहा कि विडंबना यह है कि आज आपातकाल के समय संविधान की हत्यारी ताकतें फिर संविधान के हाथों में लेकर उसी की सरेआम हत्या कर लोकतंत्र पर प्रहार कर रही हैं।अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि जिन लोगों ने उस आपातकाल के विरुद्ध भयावह विपरीत परिस्थितियों में जे.पी. व संघ के आह्वान पर सड़कों पर उतरकर “इंदिरा तेरी तानाशाही नहीं चलेगी, लोकतंत्र बहाल करना होगा” जैसे नारे लगाते हुए लोकतंत्र की रक्षा की, वे ही सच्चे लोकतंत्र प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि जब भी लोकतंत्र पर प्रहार होगा, जयप्रकाश नारायण जैसे लोकतंत्र प्रहरी ही आगे आएंगे।आभार प्रदर्शन लोकतंत्र सेनानी संघ के लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने किया। मंच पर लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिवाकर तिवारी, वरिष्ठ सेनानी बजरंग लाल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सुभाष देशपांडे उपस्थित थे। कार्यक्रम में   गुंजा शर्मा, शशांक शुक्ला ने राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किए। मंच का सफल संचालन  सीमा शर्मा ने किया।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राम पाटणकर, नरेंद्र शर्मा, हेमंत उपासने, असित भट्टाचार्य, देवराम साहू, आलोक श्रीवास्तव, सतीश छुगानी, महेंद्र खोडियार ,सोनू जैन, संतोष शर्मा आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *