पेरू में पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प, 4 पुलिस अधिकारियों समेत 20 घायल
लीमा,12 दिसम्बर 2022\ दक्षिणी पेरू के शहर आंदाहुयलस में शनिवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़पों में चार पुलिस अधिकारियों सहित कम से कम 20 लोग घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लोकपाल के कार्यालय ने कहा कि कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, बंदियों की सही संख्या का उल्लेख नहीं किया गया है।
लोकपाल कार्यालय की तरफ से लोगों को विरोध के दौरान हिंसक नहीं होने की अपील की गई है। वहीं, राष्ट्रीय पुलिस से कहा कि “सार्वजनिक व्यवस्था को बहाल करने के लिए कोई भी कार्रवाई कानून के ढांचे के भीतर की जाए। राष्ट्रीय पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों द्वारा बंदी बनाए गए दो पुलिस अधिकारियों को अब रिहा कर दिया गया है और वर्तमान में चिकित्सा कर्मियों द्वारा उनका स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
पेरू के आंतरिक मंत्रालय द्वारा प्रदान की गई जानकारी के अनुसार, शनिवार के विरोध का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन अंदाहुआलास देश के उन कई शहरों में से एक है, जहां के निवासी पूर्व राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो के समर्थन में इस शुक्रवार को सड़कों पर उतरे थे, जिन्हें इस सप्ताह के शुरू में अपदस्थ कर दिया गया था। ऐसा आरोप लगाया जाता है कि कैस्टिलो ने पेरू की कांग्रेस को भंग करने का प्रयास किया और नए चुनावों का आह्वान किया। आरोपों के आधार पर कैस्टिलो को बुधवार को सत्ता से हटा दिया गया।
इससे पहले पेरू के सांसदों ने कैस्टिलो के कदम को तख्तापलट बताया था। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, एक ही दिन में, सांसदों द्वारा उन पर महाभियोग चलाया गया और विद्रोह के कथित अपराध के लिए गिरफ्तार कर लिया गया। उनके महाभियोग के बाद, पेरू की उपराष्ट्रपति दीना बोलुआर्टे ने राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। बोलुआर्टे ने कार्यालय में अपने पहले दिन के शुरुआती चुनावों से इंकार कर दिया।
