पहला साल प्रदेश के विकास के लिए समर्पित रहा : सीएम

0

रायपुर।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर आज मुख्यमंत्री साय अपने दोनों उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के साथ मीडिया से मुखातिब हुए और जनादेश देने के लिए प्रदेशवासियों के प्रति आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2018 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में विश्वास का बड़ा संकट था, जिसे सत्ता में आने के बाद भाजपा ने दूर किया। विश्वास के साथ भाजपा सरकार का पहला साल विकास के लिए समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले एक साल में छत्तीसगढ़ में विकास के नए आयास स्थापित किए गए। सरकार के प्रति विश्वास पैदा किया गया क्योंकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में विश्वास का बड़ा संकट था। कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के साथ धोखा किया। इस वजह से प्रदेश के देवतुल्य मतदाताओं ने भाजपा और मोदी का गारंटी पर भरोसा किया और जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने की कोशिश की और इसमें कामयाबी भी हासिल की। मोदी की गारंटी में प्रदेश में सुशासन स्थापित करने का वादा था। यह सब देख रहे हैं कि हमने ऐसा किया। भ्रष्टाचारियों पर लगातार कार्रवाई की और अब उन्हें दंडित करने का काम शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 3100 रुपए में धान खरीदी, दो साल का बकाया बोनस, प्रधानमंत्री आवास तथा महतारी वंदन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर मोदी की गारंटी को पूरा किया गया। इससे अधिक प्रसन्नता की बात क्या हो सकती है कि प्रधानमंत्री आवास के तहत अह गृहप्रवेश कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि धान के बकाया बोनस के रूप में किसानों के खातों में 3716 करोड़ तथा महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में पिछले दस महीने में 6530 करोड़ अंतरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा बस्तर व सरगुजा क्षेत्र में तेंदूपत्ता चार हजार की जगह साढ़े पांच हजार रुपए प्रति मानक बोरे के हिसाब से खरीदी की जा रहा है, जिससे वनांचलों में आदिवासियों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके अलावा अधोसंरचना के क्षेत्र में भी इस एक साल में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। रेल व हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में अनेक प्रयास किए गए हैं। प्रदेश में नई शिक्षा व औद्योगिक नीति लागू की गई है। शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाया जा रहा है तथा औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेशकों को बेहतर सुविधा दी जा रही है, जिससे वे प्रदेश में निवेश सकें। इससे प्रदेश के नौजवानों को रोजगार मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बताते हुए बेहद प्रसन्नता हो रही है कि छत्तीसगढ़ का पर्यटन अब विश्व पर्यटन की नजर में आ गया है। बस्तर के एक गांव को विश्व के बीस पर्यटन केंद्रों में शामिल किया गया है। जशपुर को विश्व पर्यटन नक्शे में स्थान मिला है और जशपुर के मधेश्वर पहाड़ को वल्र्ड रिकॉर्ड ऑफ गिनीज बुक में शामिल किया गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलम्पिक का जिक्र करते हउए बताया कि इसको लेकर वहां के नौजवानों में खासा उत्साह है। बस्तर ओलंपिक का समापन 15 दिसम्बर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। उन्होंने रामलला दर्शन योजना के बारे में बताया कि सरकार की इस योजना के तहत एक साल में प्रदेश के बीस हजार से अधिक श्रध्दालुओं ने अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन किए।
मुख्यमंत्री ने रायपुर दक्षिण विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा को मिली शानदार सफलता का भी जिक्र करते हुए कहा कि इस उपचुनाव के परिणाम बताते हैं कि सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा किया तथा सरकार के द्वारा किए गए कामों को मतदाताओं ने पसंद किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *