राज्यपाल ने गणतंत्र का उत्सव लोकरंग का किया शुभारंभ

0

भोपाल, 26 जनवरी 2023 /
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने गणतंत्र का उत्सव ‘लोकरंग’ में साहित्यकारों को राष्ट्रीय सम्मान से विभूषित किया। गणतंत्र दिवस समारोह के विजेताओं को पुरस्कृत किया। संस्कृति विभाग के द्वारा तैयार किये गये एप का डिजीटली लोकार्पण किया। राज्यपाल श्री पटेल ने दीप प्रज्ज्वलन कर ‘लोकरंग’ उत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने रविन्द्र भवन में कलात्मक दीपों की प्रदर्शनी ‘अभ्यर्थना’ का अवलोकन किया। इस अवसर पर जनजातीय जीवन और शिल्प कला की जीवंत प्रस्तुतियों का भी प्रदर्शन किया गया था। राज्यपाल ने विमुक्त एवं घुमंतू विषय पर केन्द्रित प्रदर्शनी का अवलोकन कर समुदाय की संस्कृति को करीब से जाना। संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, संस्कृति संचालक श्री अदिति कुमार त्रिपाठी भी मौजूद थे।

राष्ट्रीय सम्मान से किया अलंकृत

राज्यपाल श्री पटेल और मंत्री सुश्री ठाकुर ने राष्ट्रीय कबीर सम्मान वर्ष 2021 से हिन्दी के क्षेत्र में सुदीर्घ उत्कृष्ट सृजनात्मक अवदान के लिए डॉ. श्याम सुन्दर दुबे को विभूषित किया। राष्ट्रीय मैथिली शरण गुप्त सम्मान वर्ष 2021 से हिन्दी साहित्य के शोधपरक लेखन और उत्कृष्ट सृजनात्मक सुदीर्घ अवदान के लिए डॉ. सदानंद प्रसाद गुप्त को विभूषित किया। राष्ट्रीय शरद जोशी सम्मान वर्ष 2021 से ललित निबंध के क्षेत्र में प्रासंगिक अध्ययनपरक अभिव्यक्ति के लिए डॉ. श्रीराम परिहार को विभूषित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय इकबाल सम्मान वर्ष 2021 डॉ. सैयद तकी हसन आबिदी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि को प्रदान किया गया। राष्ट्रीय नानाजी देशमुख सम्मान वर्ष 2021 से संस्था जनजाति कल्याण केन्द्र महाकोशल, बरगाँव डिण्डोरी को समाज सेवा के क्षेत्र में बुनियादी एवं सार्थक सरोकारों को केन्द्र में रखकर किये जा रहे व्यावहारिक कार्यों के लिए विभूषित किया।

एमपी कल्चर एप

राज्यपाल श्री पटेल और मंत्री सुश्री ठाकुर ने संस्कृति विभाग के एम.पी. कल्चर एप का रिमोट का बटन दबा कर शुभारंभ किया। एम.पी. कल्चर एप में संस्कृति विभाग के आयोजनों की जानकारी मिलेगी। कार्यक्रम की लाइव लिंक भी एप में उपलब्ध रहेगी। साथ ही प्रदेश की विभिन्न कला विधाओं की जानकारी भी एप से प्राप्त हो सकेगी। एम.पी. कल्चर एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है, जिसे फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें